एसपीएमसी के पूर्व छात्रों की सराहनीय पहल: मेडिकल स्टूडेंट्स को स्मार्ट टीवी भेंट

बीकानेर. सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज (एसपीएमसी) के 37वें बैच (1995) के पूर्व विद्यार्थियों ने अपने बैच मीट के अवसर पर एक सराहनीय पहल करते हुए कॉलेज के बायोकेमिस्ट्री विभाग को आधुनिक स्मार्ट लेक्चर बोर्ड टीवी भेंट किया।
यह स्मार्ट टीवी बायोकेमिस्ट्री विभाग के लेक्चर थिएटर में स्थापित किया गया है, जिससे मेडिकल छात्रों को डिजिटल और आधुनिक शिक्षण सुविधाएं मिल सकेंगी। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की पढ़ाई को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना और उन्हें नए युग की शिक्षा पद्धति से जोड़ना है।
इस योगदान के पीछे प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा और अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. रेखा आचार्य की प्रेरणा और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
स्मार्ट टीवी भेंट करने वाले 37वें बैच के सदस्यों में डॉ. सुशील फलोदिया, डॉ. सुरेंद्र बेनीवाल, डॉ. जगदीश चंद्र कूकना और डॉ. आत्माराम छिम्पा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बायोकेमिस्ट्री विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र जीनगर सहित डॉ. एनल महावर, डॉ. आर.के. व्यास, डॉ. योगिता सोनी, डॉ. मोहम्मद शकील और डॉ. अर्जुन ने पूर्व छात्रों का आभार व्यक्त किया।
अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. रेखा आचार्य ने कहा कि आज के डिजिटल युग में स्मार्ट टीवी के माध्यम से पढ़ाई विद्यार्थियों के लिए अत्यंत आवश्यक हो गई है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा। वहीं अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. नीति शर्मा ने बताया कि स्मार्ट टीवी के जरिए लाइव उदाहरण और एआई टूल्स का उपयोग कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता को और बेहतर बनाया जा सकता है।
बैच मीट के सचिव डॉ. सुशील फलोदिया ने कहा कि यह पहल छात्रों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उन्हें अपडेट रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

