केसरिया हनुमान मंदिर के 82वें स्थापना महोत्सव में 21 औषधियों से हुआ अभिषेक
बीकानेर। श्री केसरिया हनुमान मंदिर में चल रहे 82वें स्थापना महोत्सव के तहत मंगलवार को विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का भव्य आयोजन किया गया। श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में श्री हनुमान जी महाराज का 21 औषधियों से पवित्र स्नान करवाया गया। इसके बाद 5 किलो गाय के दूध से विधिवत अभिषेक किया गया। इस दिव्य आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में उपस्थित रहे।
पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सम्पन्न हुए इस आयोजन से मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। अभिषेक के पश्चात पंचामृत से बाबा का विशेष भोग लगाया गया तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। जयकारों और भजनों के बीच भक्तों ने श्री केसरिया हनुमान जी का गुणगान किया।
महोत्सव में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुबह से ही मंदिर में दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए बाबा के दर्शन किए।
धार्मिक अनुष्ठानों को सफलतापूर्वक सम्पन्न करवाने में विद्वान पंडितों की विशेष भूमिका रही। सुरेश पुरोहित, अश्विनी जोशी, गौरी शंकर चूरा, विश्वनाथ पुरोहित एवं मनोज आचार्य ने सभी कार्यक्रम विधि-विधान से सम्पन्न करवाए। वैदिक मंत्रोच्चारण से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।
मंदिर के पुजारी पंडित केशव शुक्ला ने बताया कि स्थापना महोत्सव के तहत प्रतिदिन विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि 13 मई को स्थापना दिवस का मुख्य आयोजन धूमधाम से मनाया जाएगा।
कार्यक्रम के अनुसार सुबह 7 बजे से 9 बजे तक हवन, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक सुंदरकांड पाठ, शाम 8 बजे महाआरती एवं बाबा का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इसके बाद रात 8 बजे से 10 बजे तक विशाल भंडारे और देर रात भव्य जागरण का आयोजन होगा। मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।

