स्कूलों के नामांकन में गिरावट पर सख्ती, प्रदेश के 175 विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी
Bikaner News

स्कूलों के नामांकन में गिरावट पर सख्ती, प्रदेश के 175 विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी

May 13, 2026

बीकानेर.  शिक्षा विभाग ने स्कूलों के नामांकन में आई गिरावट को गंभीरता से लेते हुए बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने प्रदेश के 175 राजकीय विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

 

 

यह कार्रवाई प्रवेशोत्सव अभियान के तहत की गई समीक्षा के बाद सामने आई रिपोर्ट के आधार पर की गई है। शालादर्पण पोर्टल की समीक्षा में कई विद्यालयों में गत वर्ष की तुलना में नामांकन में कमी दर्ज की गई, जिसके बाद विभाग ने नाराजगी जताते हुए संबंधित विद्यालयों से स्पष्टीकरण तलब किया है।

 

 

शिक्षा विभाग का कहना है कि प्रवेशोत्सव अभियान का मुख्य उद्देश्य 3 से 18 वर्ष तक के सभी बच्चों को विद्यालयों में नामांकित करना और उनका नियमित ठहराव सुनिश्चित करना है। इसके बावजूद कुछ विद्यालयों द्वारा अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई, जो विभागीय निर्देशों की अवहेलना मानी जा रही है।

 

 

जारी नोटिस में विद्यालय प्रधानाचार्यों को तीन दिवस के भीतर नामांकन सुधार की स्थिति स्पष्ट करने और लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर राजस्थान सिविल सेवा नियम 1958 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

 

 

विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ना सर्वोच्च प्राथमिकता है।