11वें स्थापना दिवस पर रामभक्ति में डूबेगा बीकानेर, श्रीरामशरणम् में होगा भव्य सुंदरकांड पाठ
बीकानेर. श्रीराम नाम के प्रचार-प्रसार और भक्तों में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के उद्देश्य से संचालित श्रीरामशरणम्, बीकानेर का 11वां स्थापना दिवस 10 जुलाई को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर श्रीरामशरणम् परिसर में सामूहिक श्री सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
श्रीरामशरणम् के सचिव सोनू गोयल ने बताया कि पिछले 10 वर्षों से यहां प्रतिदिन भगवान श्रीराम की भक्ति, सत्संग, नाम-स्मरण और भजन-कीर्तन का नियमित आयोजन किया जा रहा है। इसी अखंड भक्ति परंपरा के 11वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में इस वर्ष विशेष रूप से सामूहिक सुंदरकांड पाठ आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सुंदरकांड का पाठ श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, शांति, आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। भगवान श्रीराम और पवनपुत्र हनुमान जी की कृपा प्राप्त करने तथा जीवन के संकटों के निवारण के लिए सुंदरकांड का विशेष महत्व माना जाता है। आयोजन के दौरान श्रद्धालु सामूहिक रूप से श्रीहनुमान जी की आराधना करेंगे तथा श्रीराम नाम का गुणगान करेंगे।
कार्यक्रम 10 जुलाई को सायं 4:30 बजे से शाम 7 बजे तक श्रीरामशरणम्, बीकानेर में आयोजित होगा। आयोजन समिति ने सभी साधकों, श्रद्धालुओं और रामभक्तों से सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आध्यात्मिक आयोजन में भाग लेने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
समिति के अनुसार स्थापना दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि श्रीराम भक्ति, सेवा, सत्संग और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रतीक है। आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचने का आग्रह किया गया है।

