देदाजी महाराज झुझार हलवाई सेवा समिति की नई कार्यकारिणी का गठन, हॉल निर्माण का भी निर्णय
बीकानेर. श्री राव देदाजी महाराज झुझार हलवाई सेवा समिति, बीकानेर की आम सभा में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। समिति पिछले 30 वर्षों से देदाजी महाराज के मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए निरंतर निशुल्क चाय सेवा संचालित कर रही है तथा समाजहित के विभिन्न कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
बैठक में समिति के हॉल निर्माण का महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। सदस्यों ने शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करने का निर्णय लेते हुए तन, मन और धन से सहयोग देने का संकल्प लिया।
नई कार्यकारिणी में रामलाल भोभरिया एवं सोहनलाल कालोड को संरक्षक, लालाराम खुड़िया को अध्यक्ष, कन्हैयालाल गेधर को उपाध्यक्ष, मूलाराम लिंबा को कोषाध्यक्ष तथा भगीरथ मंगलाव एवं जगदीश गेधर को सचिव बनाया गया। वहीं भंवर मंगलाव, बस्तीराम मंगलाव, कालूराम लखेसर और लीलाधर नागा को संगठन मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
समिति के संरक्षक रामलाल भोभरिया ने आगामी 7 एवं 8 सितंबर को आयोजित होने वाले दो दिवसीय सुरधना मेले के सफल आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी। इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने समाज सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की शपथ ली।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आवश्यकता के अनुसार समय-समय पर कार्यकारिणी का विस्तार एवं संशोधन किया जाएगा, ताकि समिति के सामाजिक कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।
अंत में सभी सदस्यों ने समाज की एकता, संगठन और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में मूलचंद गेधर (लालगढ़), रामनारायण खुड़िया, भियाराम खुड़िया, पदमाराम खुड़िया, भंवरलाल भोभरिया, किशोर भोभरिया सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

