सीमावर्ती स्कूल में 496 विद्यार्थी, प्राचार्य समेत कई पद खाली
Bikaner News

सीमावर्ती स्कूल में 496 विद्यार्थी, प्राचार्य समेत कई पद खाली

Aug 13, 2026

 

बीकानेर. सीमावर्ती क्षेत्र दन्तौर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मंडी दन्तौर में शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के कई पद रिक्त होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की चिंता बढ़ गई है। विद्यालय में रिक्त पदों को भरने और नए विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षा भवन बनवाने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता रामेश्वरलाल बिश्नोई ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा।

 

 

 

बिश्नोई ने बताया कि दन्तौर पाकिस्तान सीमा के नजदीक स्थित ग्राम पंचायत है। मंडी दन्तौर के आसपास करीब 80 चक एवं आबादियों के विद्यार्थी इसी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में अध्ययन के लिए नामांकित हैं। वर्तमान में विद्यालय में करीब 496 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और प्रवेश प्रक्रिया जारी होने के कारण करीब 200 और विद्यार्थियों के प्रवेश लेने की संभावना है।

 

 

 

उन्होंने बताया कि हाल ही में शिक्षा विभाग द्वारा किए गए स्थानांतरण में विद्यालय के प्राचार्य का स्थानांतरण कर दिया गया, लेकिन उनके स्थान पर नए प्राचार्य की नियुक्ति नहीं की गई। इससे विद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

 

 

 

 

ज्ञापन में प्रधानाचार्य, उप-प्रधानाचार्य, व्याख्याता भौतिक विज्ञान, वरिष्ठ अध्यापक हिन्दी, संस्कृत, गणित एवं विज्ञान, लेवल-1 शिक्षक, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और बेसिक कम्प्यूटर शिक्षक के रिक्त पदों को तत्काल भरने की मांग की गई है।

 

 

 

इसके अलावा विद्यालय में विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नए कक्षा-कक्षों का निर्माण और टीनशेड बनवाने की भी मांग की गई है। बिश्नोई ने कहा कि इन समस्याओं को लेकर ग्रामीण और अभिभावक कई बार शिक्षा विभाग से मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है।

 

 

 

उन्होंने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से विद्यालय की समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेकर रिक्त पद भरने तथा आवश्यक भवन निर्माण करवाने की मांग की, ताकि सीमावर्ती क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिल सके।