बीकानेर की पुरानी टीम के संस्कार आज भी कायम, गोपाल गहलोत की तारीफ में बोले कटारिया
Bikaner News Politics

बीकानेर की पुरानी टीम के संस्कार आज भी कायम, गोपाल गहलोत की तारीफ में बोले कटारिया

Sep 28, 2026

बीकानेर. पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया सोमवार को बीकानेर पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गोपाल गहलोत के निवास पर पहुंचकर मुलाकात की। इसके बाद वे हिरेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।

 

 

राज्यपाल कटारिया ने मंदिर परिसर में गोपाल गहलोत के पिता हीरानंद गहलोत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में वृक्षारोपण भी किया।

 

 

मीडिया से बातचीत में राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि गोपाल गहलोत ने इतना बड़ा मंदिर बनाया है और सोमवार के दिन भगवान शिव के दर्शन का अवसर मिलना भी सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा बनी रहे और सभी लोग अच्छे से अच्छा काम करते रहें।

 

कटारिया ने कहा कि वे लंबे समय से गोपाल गहलोत और उनकी टीम के साथ संगठन में काम करते रहे हैं। उन्होंने बीकानेर की पुरानी भाजपा टीम का उल्लेख करते हुए कहा कि इस टीम के लोगों में संगठन के संस्कार रहे हैं और उन्होंने अलग-अलग स्तर पर संगठन के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि गोपाल गहलोत ने भी संगठन में लगातार काम किया और जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली।

 

 

राज्यपाल ने बीकानेर के वरिष्ठ भाजपा नेता ओम आचार्य को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने ओम आचार्य के साथ काम किया है और आज वे राज्यपाल के पद पर हैं। उन्होंने कहा कि यह सब भाग्य की बात है। कटारिया ने ओम आचार्य को खुद से अधिक काम करने वाला बताते हुए कहा कि वे आज भी उन्हें याद करते हैं।

 

 

राज्यपाल ने कहा कि आज भी पार्टी में कई समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन के करीब 49 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि इतने लंबे समय तक बिना एक दिन की छुट्टी लिए काम करना और देश के लिए समर्पित रहना अपने आप में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को ईश्वर शक्ति प्रदान करे।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कटारिया ने कहा कि वे भी लगातार काम करते हैं और उन पर मां भारती का आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि जिस संगठन में काम किया है, उसकी प्रतिष्ठा पर किसी के कारण आंच नहीं आनी चाहिए। सभी लोगों को व्यक्तिगत रूप से इस बारे में विचार करना चाहिए और अपने उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए देश की सेवा करनी चाहिए।

इस दौरान मंदिर परिसर में स्थानीय भाजपा नेता, कार्यकर्ता और अन्य लोग मौजूद रहे।

;