5 करोड़ दो, वरना…! बीकानेर के व्यापारी को गैंगस्टर के नाम से धमकी
Bikaner News

5 करोड़ दो, वरना…! बीकानेर के व्यापारी को गैंगस्टर के नाम से धमकी

Sep 28, 2026

बीकानेर. शहर में एक व्यवसायी से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि व्यवसायी को गैंगस्टर रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण के नाम से धमकाया गया। मामले में नयाशहर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

 

धर्मनगर द्वार निवासी जुगल नारायण ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 26 सितंबर की शाम करीब 4:52 बजे उनके पास एक विदेशी नंबर वाली व्हाट्सऐप आईडी से कॉल आया। कॉल करने वाले ने कथित तौर पर खुद को वीरेंद्र चारण बताते हुए करीब एक मिनट तक वॉयस कॉल की।

 

 

इसके करीब तीन मिनट बाद 4:55 बजे 57 सेकंड का वॉयस मैसेज भी भेजा गया। परिवादी के अनुसार, इस वॉयस मैसेज में उससे 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई। आरोप है कि कॉल करने वाले ने खुद को एक संगठित गैंग से जुड़ा बताया और गैंग के नाम पर भय पैदा करते हुए रकम की मांग की।

 

 

घटना के बाद व्यवसायी ने नयाशहर थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच थानाधिकारी सुरजीत कुमार कर रहे हैं।

 

 

पुलिस अब व्हाट्सऐप कॉल, विदेशी नंबर, भेजे गए वॉयस मैसेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि धमकी देने वाला व्यक्ति कौन है और उसका कथित गैंग से वास्तव में कोई संबंध है या नहीं। मामले में पुलिस तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

;