भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर लकड़ी के बुरादे के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब, ट्रेलर सहित तस्कर गिरफ्तार

बीकानेर. अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर रेंज स्पेशल टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में उपयोग किए जा रहे ट्रक (ट्रेलर) को भी जब्त किया है।
महानिरीक्षक पुलिस, बीकानेर रेंज ओमप्रकाश के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध एवं सतर्कता) पवन कुमार भदौरिया के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
27 फरवरी 2026 को बीकानेर रेंज स्पेशल टीम एवं पुलिस थाना नापासर की संयुक्त कार्रवाई में भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर ट्रक नंबर RJ07GD0669 को रुकवाकर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में लकड़ी के बुरादे के नीचे छिपाकर रखी गई अवैध शराब बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी अब्दुल गभार (32 वर्ष) पुत्र जुनाब अली, निवासी हिन्दौर, थाना राजियासर, जिला श्रीगंगानगर को गिरफ्तार किया।
980 कार्टून शराब जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 980 कार्टून अवैध शराब बरामद किए, जिनमें—
RC पव्वा के 396 कार्टून
All Season पव्वा के 388 कार्टून
RC बोतल के 196 कार्टून
शामिल हैं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी गई है।
टीम की संयुक्त कार्रवाई
इस कार्रवाई में रेंज स्पेशल टीम प्रभारी पु.नि. सुरजीत कुमार, नापासर थाना प्रभारी सुषमा मय टीम, स.उ.नि. विमलेश कुमार, कांस्टेबल बाबूलाल, मनोज, आत्माराम, धर्मपाल, सीताराम एवं सुखजोत शामिल रहे। वहीं जिला स्पेशल टीम श्रीगंगानगर के कांस्टेबल पवन कुमार ने आसूचना संकलन में विशेष सहयोग दिया।
पुलिस के अनुसार मामले में गंभीरता से अनुसंधान जारी है तथा अवैध शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

