चलती स्कूटी से महिला का पर्स छीना, गिरने से महिला व बच्ची घायल, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

बीकानेर। शहर में लगातार बढ़ रही लूट और छीना-झपटी की घटनाओं के बीच शनिवार को एक और वारदात सामने आई है। मुरलीधर व्यास कॉलोनी के सेक्टर-डी में मौसम विभाग कार्यालय के सामने वाली गली में बाइक सवार दो युवकों ने चलती स्कूटी पर सवार महिला का पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 2 बजे एक महिला अपनी छह साल की बच्ची के साथ स्कूटी पर कहीं जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। आरोपियों ने चलती स्कूटी के पास पहुंचकर अचानक महिला का पर्स छीन लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए।
पर्स छीने जाने के दौरान महिला का संतुलन बिगड़ गया और स्कूटी सड़क पर गिर गई। हादसे में महिला और उसकी छह वर्षीय बच्ची दोनों घायल हो गईं। गनीमत रही कि दोनों को गंभीर चोट नहीं आई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

