बीकानेर संभाग के इस शहर में ब्लास्ट की साजिश नाकाम, आतंकियों का प्लान फेल

बीकानेर. बीकानेर संभाग के हनुमानगढ़ जिले में बड़े आतंकी हमले की साजिश का खुलासा हुआ है। पाकिस्तान में बैठे आतंकी सरगना शहजाद भट्टी के इशारे पर यहां बम धमाके कराने की योजना बनाई गई थी, लेकिन समय पर RDX नहीं पहुंच पाने के कारण आतंकियों की यह साजिश नाकाम हो गई।
सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए RDX और IED पंजाब भेजे गए थे। इसके बाद पंजाब से IED पार्सल हनुमानगढ़ तक पहुंचा दिया गया था। बताया जा रहा है कि 27 फरवरी को यह IED हनुमानगढ़ लाया गया और करीब चार दिन तक यहां रखा भी गया, लेकिन RDX नहीं पहुंचने के कारण आतंकियों को अपना टारगेट बदलना पड़ा। बाद में 3 मार्च को IED को वापस उसी रास्ते से ले जाया गया।
आतंकियों की योजना राजस्थान के हनुमानगढ़ के अलावा पंजाब और दिल्ली में भी धमाके करने की थी। इसके लिए मंदिर, सैन्य ठिकानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों की रेकी भी कराई गई थी।
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब हरियाणा के अंबाला में पुलिस ने तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से IED, डेटोनेटर और करीब दो किलो RDX बरामद किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए हैं। फिलहाल तीनों आरोपियों को सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हनुमानगढ़ पुलिस भी सतर्क हो गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हनुमानगढ़ से पुलिस टीमें विभिन्न स्थानों के लिए रवाना की गई हैं और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
हनुमानगढ़ एसपी हरिशंकर ने बताया कि 1 मार्च को जिले में विशेष अभियान चलाया गया था, जिसमें 11 अवैध पिस्टल बरामद की गई थीं और पंजाब के कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। संभवत: इसी सख्ती के चलते RDX की डिलीवरी नहीं हो पाई और आतंकियों की योजना विफल हो गई।
वहीं आईजी ओमप्रकाश ने कहा कि फिलहाल हनुमानगढ़ के किसी स्थानीय व्यक्ति की संलिप्तता सामने नहीं आई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही हैं।

