मुरलीधर व्यास कॉलोनी में अतिक्रमण से बढ़ी परेशानी, हादसों का खतरा गहराया
बीकानेर. मुरलीधर व्यास कॉलोनी इन दिनों अतिक्रमण और भूमाफियाओं की गतिविधियों के कारण गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। कॉलोनी के विभिन्न हिस्सों में सार्वजनिक जमीन और सड़कों पर किए जा रहे कब्जों से आमजन का आवागमन प्रभावित हो रहा है, वहीं हादसों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक अनदेखी के चलते अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं।
कॉलोनी के थर्ड डी सेक्टर की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक बताई जा रही है। यहां कई स्थानों पर सड़क के बड़े हिस्से पर कब्जा कर रास्तों को संकरा बना दिया गया है। यह मार्ग शहर और आसपास के गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है, जहां दिनभर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही बनी रहती है। सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण और उगी झाड़ियों के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार सड़क के मोड़ों पर दृश्यता कम होने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। पिछले एक माह में अंधे मोड़ों पर आधा दर्जन से अधिक बाइक चालकों की आमने-सामने भिड़ंत हो चुकी है, जिनमें कई लोग घायल हुए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाए गए तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने मकानों के आगे लोहे के बड़े पिलर लगाकर सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा कर लिया है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरा बढ़ गया है। बताया जा रहा है कि प्रशासन पहले भी यहां अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर चुका है, लेकिन कुछ समय बाद फिर से कब्जे कर लिए गए।
इसके अलावा कॉलोनी के खाली प्लॉटों और सार्वजनिक स्थानों पर गोबर एवं अन्य सामग्री डालकर कब्जे किए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। वहीं कुछ दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे 20 से 30 फीट तक अतिक्रमण कर लेने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाई हो रही है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाए गए तो कॉलोनी की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती है और किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।

