केसरिया हनुमान मंदिर का 82वां स्थापना महोत्सव भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न
बीकानेर. श्री केसरिया हनुमान मंदिर का 82वां स्थापना महोत्सव रात्रि जागरण और विशाल भंडारे के साथ श्रद्धा एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर जय श्रीराम और हनुमान जी के जयकारों से गुंजायमान रहा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
स्थापना दिवस पर प्रातःकाल पूजा-अर्चना और हवन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके बाद गोपाल जी पुरोहित एवं साथियों द्वारा भावपूर्ण सुंदरकांड पाठ किया गया। सुंदरकांड के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए और पूरे वातावरण में भक्तिमय माहौल बना रहा।
शाम को विशेष सजावट के बीच मंदिर में महाआरती आयोजित की गई। दीपों की रोशनी, घंटों की ध्वनि और भक्तों के जयघोष से माहौल अत्यंत दिव्य हो उठा। इस अवसर पर श्री केसरिया हनुमान जी का विशेष श्रृंगार भी किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
रात्रि 9 बजे से भव्य जागरण प्रारंभ हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। भजनों, संकीर्तन और प्रभु महिमा के गायन से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा। जागरण में एस एस ग्रुप के कलाकारों ने प्रस्तुति दी। गायक सुनील जी और प्रेम जी ने मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में दिलीप, महादेव, आशीष, रुद्र, प्रिंस, अर्जुन, मंथन, जसवंत सिंह और सुनील सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। वहीं मंदिर के मुख्य पुजारी अंजनी कुमार शुक्ला, पुजारी केशव शुक्ला, चंदन शुक्ला और केसरी चंद शुक्ला ने धार्मिक व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण सेवाएं दीं।
रात्रि में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं ने मंदिर समिति की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आयोजन को धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया।
मुख्य पुजारी अंजनी कुमार शुक्ला ने सभी श्रद्धालुओं, कलाकारों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्री केसरिया हनुमान जी की कृपा से 82वां स्थापना महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समारोह के अंत में नगर की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए विशेष प्रार्थना की गई।

