बीकानेर में सजेगा लहरिया का रंग, बेटियां करेंगी कैटवॉक, होगी ‘मिस एंड मिसेज लहरिया राजस्थान 2026’ प्रतियोगिता
Bikaner News Life Style

बीकानेर में सजेगा लहरिया का रंग, बेटियां करेंगी कैटवॉक, होगी ‘मिस एंड मिसेज लहरिया राजस्थान 2026’ प्रतियोगिता

Aug 9, 2026

 

बीकानेर. सावन और लहरिया का रिश्ता राजस्थान की संस्कृति में बेहद खास है। सावन की हरियाली, उत्सव और उमंग के बीच लहरिया के रंग राजस्थान की पारंपरिक पहचान को और निखार देते हैं। इसी संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और पारंपरिक परिधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बीकानेर में ‘मिस एंड मिसेज लहरिया राजस्थान 2026’ प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है।

 

 

 

रंगत फाउंडेशन की ओर से आगामी 23 अगस्त 2026, रविवार को दोपहर 2:15 बजे जिला उद्योग संघ, रानी बाजार, बीकानेर में यह अनूठी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में राजस्थान की 15 वर्ष या उससे अधिक उम्र की युवतियां और महिलाएं हिस्सा ले सकेंगी।

 

 

 

लहरिया पहनकर करेंगी कैटवॉक, देंगी सामाजिक संदेश

प्रतियोगिता में प्रतिभागी पारंपरिक लहरिया परिधान पहनकर कैटवॉक करेंगी। खास बात यह होगी कि यह आयोजन केवल फैशन और सौंदर्य प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रतिभागी लहरिया के माध्यम से राजस्थान की संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े संदेश भी देंगी।

 

 

 

रंगत फाउंडेशन के संस्थापक रोशन बाफना ने बताया कि लहरिया राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से संस्कृति के संरक्षण और संवर्द्धन के लिए कार्य कर रहा है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य पारंपरिक लहरिया को नई पीढ़ी से जोड़ना और इसके सांस्कृतिक महत्व को सामने लाना है।

 

 

मिस मूमल 2023 गरिमा विजय होंगी ब्रांड एम्बेसडर

‘मिस एंड मिसेज लहरिया राजस्थान 2026’ की ब्रांड एम्बेसडर मिस मूमल 2023, कल्चरल आइकन एवं मोटिवेटर गरिमा विजय हैं।

 

आयोजन को समाजसेवी द्वारका प्रसाद पचीसिया, सीए सोहन लाल बैद, पुखराज चोपड़ा, हंसराज डागा, लक्ष्मण रामावत, श्यामसुंदर सोनी और मोहन सुराणा सहित कई गणमान्य लोगों का मार्गदर्शन मिल रहा है।

 

द्वारका प्रसाद पचीसिया ने कहा कि रंगत फाउंडेशन पिछले 4-5 वर्षों से संस्कृति के संरक्षण के लिए अनुकरणीय कार्य कर रहा है। वहीं सीए सोहन लाल बैद ने कहा कि समाज को सही दिशा देने के लिए अपनी अच्छी परंपराओं को जीवंत रखना जरूरी है। मोहन सुराणा ने कहा कि संस्कृति जीवित रहेगी तो समाज भी समृद्ध और खुशहाल रहेगा।

 

ऐसे कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन

 

राजस्थान की युवतियां और महिलाएं इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रंगत फाउंडेशन के इंस्टाग्राम पेज @rangatfoundation या 7014330731 पर संपर्क कर सकती हैं।