शाकद्वीपीय समाज के 214 सितारे सम्मानित, शिक्षा-खेल सहित कई क्षेत्रों में दिखाया हुनर
बीकानेर. शिक्षा, खेल, कला-संस्कृति और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर समाज का नाम रोशन करने वाली 214 प्रतिभाओं का शनिवार को सम्मान किया गया। राजस्थान प्रांतीय शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासभा की ओर से शाकद्वीपीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन धरणीधर ऑडिटोरियम में किया गया। समारोह में वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता महासभा के अध्यक्ष गणेश दास सेवग ने की। मुख्य अतिथि कुलदीप जी व्यास (शाकद्वीपीय) रहे, जो झारखंड एवं बिहार में दैनिक भास्कर के स्टेट हेड एडिटर तथा विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। विशिष्ट अतिथि के रूप में विख्यात पत्रकार एवं साहित्यकार हरीश बी. शर्मा तथा सेवानिवृत्त बीएसएनएल अधिकारी महेश भोजक मौजूद रहे। इस दौरान महासचिव राजेश शर्मा, समाजसेवी बनवारी लाल पांडे और प्रांतीय शिक्षा प्रकोष्ठ संयोजक जेठमल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे।
महासभा के महासचिव राजेश शर्मा ने बताया कि समारोह में कक्षा 10वीं, 12वीं, स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं के साथ जिला एवं राज्य स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वालों को सम्मानित किया गया। खेल, कला-संस्कृति, विभिन्न विभागों और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मान मिला।
मुख्य अतिथि कुलदीप जी व्यास ने कहा कि समाज की प्रतिभाओं की उपलब्धियां पूरे समाज के लिए गौरव का विषय हैं। प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराने के साथ सामाजिक एकता, आपसी सहयोग एवं सद्भाव को मजबूत करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि शाकद्वीपीय समाज की प्रतिभाएं शिक्षा, प्रशासन, चिकित्सा, व्यवसाय, पत्रकारिता और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं।
विशिष्ट अतिथि हरीश बी. शर्मा ने कहा कि प्रतिभा सम्मान जैसे आयोजन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ संस्कार, साहित्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहने का आह्वान किया।
महासभा के संगठन मंत्री जुगल किशोर सेवग ने बताया कि समारोह में कुल 214 प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभाओं के लिए कैरियर काउंसलिंग की जानकारी भी दी गई, ताकि विद्यार्थी अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार भविष्य के करियर का बेहतर चुनाव कर सकें और आगे की पढ़ाई एवं रोजगार के दौरान आने वाली परेशानियों से बच सकें।
बीकानेर संभाग अध्यक्ष एडवोकेट दिलीप सेवग ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी प्रतिभा निखारने और नए लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करते हैं।
बीकानेर संभाग सचिव निलेश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का मंच संचालन जया शर्मा एवं रीतिका शर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में मनोज शर्मा, शंकर सेवग, रविन्द्र शर्मा, जुगल किशोर सेवग, एडवोकेट दिलीप सेवग, शिवरतन सेवग, हरीश भोजक, विकास शर्मा, निलेश शर्मा, गणेश शर्मा, अरुण शर्मा, नितिन वत्स एवं जिया शर्मा का सहयोग रहा।
समारोह में पधारे अतिथियों एवं समाज के लोगों का आभार महासभा की शिक्षा समिति के संयोजक जेठमल शर्मा एवं सह-संयोजक राजेंद्र शर्मा ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर आर.के. शर्मा, दुर्गादत्त भोजक, अशोक शर्मा, ओपी शर्मा, पवन भोजक, दिनेश सेवग, विजया सेवग, रेखा शर्मा, शशि कला शर्मा एवं डालिमा शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्यजन, अभिभावक, युवा और सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।

