बीकानेर की दिव्या एक दिन के लिए बनी थानाधिकारी, कानून की बारीकी को जाना

बीकानेर. युवा दिवस पर बीकानेर के नया शहर थाना की एसएचओ कविता पूनीया ने नवाचार करते हुवे सरकारी स्कूल बारह गुवाड़ की बच्चियों को थाने का भ्रमण करवाया।
इस दौरान बच्चियों ने पुलिस थाने में होने वाले पुलिस कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था की जानकारी ली, बच्चियों ने पुलिस थाने के स्टाफ के बारे में भी जाना उनके पद नाम से भी अवगत हुए। इस दौरान सरकारी स्कूल बारह गुवाड़ की एक बच्ची दिव्या पुरोहित पुत्री नवीन शेखर पुरोहित निवासी पुण्यानन्द आश्रम के पीछे मुरलीधर व्यास कॉलोनी बीकानेर को एक दिन के लिए नयाशहर थाने का एसएचओ बनाया और उससे दूसरी बच्चियों ने सवाल भी किए।
इस अवसर पर एडिशनल एसपी चक्रवाती सिंह राठौड़ एवं थानाधिकारी कविता पूनिया ने छात्राओं को कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं पुलिस की भूमिका से अवगत कराया।
थाना परिसर में एक अनोखा नवाचार देखने को मिला, जब छात्रा दिव्या पुरोहित को प्रतीकात्मक रूप से एक दिन की थाना अधिकारी बनाया गया। इस पहल से छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्हें नेतृत्व तथा जिम्मेदारी का अनुभव प्राप्त हुआ।
अधिकारियों ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, आपातकालीन सहायता एवं कानूनी प्रक्रिया की सरल भाषा में जानकारी दी। छात्राओं ने भी जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछकर कानून और पुलिस व्यवस्था को नजदीक से समझा।

