फिर गूंजेगा बीकाणा: नगर स्थापना दिवस पर तीन दिवसीय भव्य आयोजन, विश्राम मीणा होंगे अध्यक्ष

बीकानेर। बीकानेर नगर स्थापना दिवस इस वर्ष पहले से अधिक भव्य और विविधतापूर्ण अंदाज में मनाया जाएगा। बीकानेर नगर स्थापना दिवस समारोह समिति एवं नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा बैठक में सर्वसम्मति से तय की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आयोजन के दौरान सांस्कृतिक, बौद्धिक और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शहर की प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें युवा कलाकार अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही शहर के प्रबुद्धजनों की सहभागिता से एक विशेष परिचर्चा भी आयोजित होगी, जिसमें बीकानेर के विकास, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।
समारोह के दौरान बीकानेर के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों का नागरिक अभिनंदन भी किया जाएगा। इससे समाज में सकारात्मक कार्यों के प्रति प्रेरणा और सम्मान की भावना को बढ़ावा मिलेगा।
आयोजन को सफल बनाने के लिए एक समिति का गठन किया गया है, जिसमें विश्राम मीणा को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कार्यक्रम के संयोजक रविंद्र हर्ष ने बताया कि इस बार आयोजन में विशेष आकर्षण के रूप में बीकानेर के 100 से अधिक युवा कलाकार शहर को रंगों और कलात्मक प्रस्तुतियों से सजाएंगे, जो राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं।
सहसंयोजक अनिल जोशी के अनुसार “बीकानेर के बढ़ते कदम” विषय पर विशेष परिचर्चा आयोजित की जाएगी, जिसमें शहर के समग्र विकास पर चर्चा होगी। वहीं ज्योति प्रकाश रंगा ने बताया कि “फिर गूंजेगा बीकानेर” सांस्कृतिक संध्या के तहत संगीत कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ “बीकानेर यूथ आइकॉन अवार्ड” से सम्मानित भी किया जाएगा।

