बीकानेर टर्फ प्रीमियर लीग 27 जुलाई से, 24 टीमें दिखाएंगी दम
बीकानेर। शहर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। बीकानेर टर्फ प्रीमियर लीग (BTPL) का आयोजन 27 से 31 जुलाई तक मुरलीधर व्यास कॉलोनी स्थित सिटी टर्फ में किया जाएगा। प्रतियोगिता में अब तक 24 टीमों ने पंजीकरण कराया है, जिससे यह बीकानेर के टर्फ क्रिकेट इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा टूर्नामेंट बनने जा रहा है।
आयोजकों अंकित बिस्सा, भव्या स्वामी, तेजस बिस्सा और ऋषि शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता 7 खिलाड़ियों की टीम के प्रारूप में आयोजित होगी। प्रत्येक टीम को लीग चरण में दो मुकाबले खेलने का अवसर मिलेगा। इसके बाद प्रदर्शन के आधार पर टीमें नॉकआउट चरण में प्रवेश करेंगी, जहां से विजेता का फैसला होगा।
टूर्नामेंट में बीकानेर के कई प्रमुख क्रिकेट खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और शहर में टर्फ क्रिकेट को नई पहचान देना है।
विजेता टीम को ₹7100 नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को ₹3100 नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा प्रतियोगिता के बेस्ट बैट्समैन और बेस्ट बॉलर को भी विशेष ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि 24 टीमों की भागीदारी के साथ यह आयोजन बीकानेर में टर्फ क्रिकेट के बढ़ते क्रेज का प्रतीक है। पांच दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबलों के साथ क्रिकेट प्रेमियों को बेहतरीन खेल देखने का अवसर मिलेगा।

