बीकानेर मंडल के तीन स्टेशनों का डीआरएम ने किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं और माल राजस्व बढ़ाने पर दिया जोर
Bikaner News

बीकानेर मंडल के तीन स्टेशनों का डीआरएम ने किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं और माल राजस्व बढ़ाने पर दिया जोर

Jul 26, 2026

बीकानेर. बीकानेर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) गौरव गोविल ने रविवार को सादुलशहर, बनवाली और श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, माल राजस्व वृद्धि और संरक्षित रेल संचालन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, माल ढुलाई बढ़ाने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

निरीक्षण की शुरुआत सादुलशहर रेलवे स्टेशन से हुई, जहां डीआरएम ने स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, टिकट बुकिंग कार्यालय और पैनल कक्ष का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद बनवाली स्टेशन के गुड्स शेड का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को व्यापारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर माल ढुलाई और रेलवे के माल राजस्व में वृद्धि के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन पर डीआरएम ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि योजना के प्रथम चरण में करीब 20.60 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन भवन का आधुनिकीकरण, प्रवेश एवं निकास मार्गों का पृथक्करण, बाउंड्री वॉल, सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण, अलग-अलग पार्किंग, नए बुकिंग कार्यालय, रिटायरिंग रूम और आधुनिक यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं। स्टेशन पर एलईडी लाइटिंग, आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली, कोच गाइडेंस डिस्प्ले, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, बड़े एलईडी स्क्रीन और जीपीएस आधारित डिजिटल क्लॉक भी स्थापित किए गए हैं।

 

 

 

 

उन्होंने बताया कि स्टेशन पर 9.98 करोड़ रुपये की लागत से 12 मीटर चौड़ा फुटओवर ब्रिज बनाया जा रहा है, जिसका करीब 88 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वहीं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए 22.5 लाख रुपये की लागत से सोलर ऊर्जा संयंत्र भी स्थापित किया गया है।

 

 

 

 

डीआरएम गौरव गोविल ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास से यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, आवागमन सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा पर्यटन और हस्तशिल्प को प्रोत्साहन मिलेगा।

 

 

 

 

दौरे के दौरान उन्होंने समपार फाटक संख्या 171, 148 और 129 का भी निरीक्षण कर सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल अभियंता (उत्तर) नीरज सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (संकेत एवं दूरसंचार) रण सिंह गोदारा, मूवमेंट इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह सहित रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।