तिरंगे के रंग में रंगा बीकानेर, प्रभात फेरी से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आगाज
Bikaner News

तिरंगे के रंग में रंगा बीकानेर, प्रभात फेरी से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आगाज

Aug 9, 2026

बीकानेर. ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रविवार को बीकानेर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। जिला मुख्यालय पर आयोजित प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, महिलाओं, सामाजिक संगठनों और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ आमजन से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।

 

 

 

प्रभात फेरी महारानी कन्या विद्यालय से रवाना हुई और एम.एन. हॉस्पिटल, हनुमान हत्था एवं जूनागढ़ होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंची। इस दौरान पूरा मार्ग तिरंगे और देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा।

 

 

 

जिला कलेक्टर निशान्त जैन भी प्रभात फेरी में शामिल हुए। उनके साथ सुमन छाजेड़, सत्य प्रकाश आचार्य, अशोक प्रजापत, श्याम सिंह हाडला, चंपा लाल गेधर, मुकेश ओझा, सुनीता हटीला, राधा खत्री, रामकुमार व्यास, राजाराम सिगड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा जिला परिषद सीईओ शैलजा पांडेय, निगम एवं बीडीए कमिश्नर सिद्धार्थ पलानीचामी, एसडीएम बीकानेर आईएएस महिमा कसाना, आईएएस मनु गर्ग, प्राच्य विद्या प्रतिष्ठान के वरिष्ठ अनुसंधान अधिकारी नितिन गोयल, सीडीईओ महेंद्र शर्मा, डीईओ माध्यमिक राम गोपाल शर्मा, डीईओ प्रारंभिक केडी चारण, एसीईओ ऋतुराज महला, राजीविका डीपीएम दिनेश कुमार मिश्रा, जिला परिषद आईईसी कॉर्डिनेटर गोपाल जोशी समेत बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।

 

 

 

डिस्ट्रिक्ट रन क्लब, विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों तथा शहर के गणमान्य नागरिकों ने भी प्रभात फेरी में भाग लिया।

 

 

 

तिरंगा देश की एकता और गौरव का प्रतीक : कलेक्टर

जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ना है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अधिकाधिक भागीदारी करने और अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।

 

 

 

 

9 से 17 अगस्त तक होंगे कार्यक्रम

जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक जिला, नगरीय निकाय, पंचायत समिति और ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

 

 

 

10 अगस्त: दोपहर 1 बजे ‘तिरंगा बाइक, ई-बाइक एवं साइकिल रैली’ निकाली जाएगी। रैली अंबेडकर सर्किल से गांधी पार्क होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचेगी।

 

 

 

11 और 12 अगस्त: जयनारायण व्यास कॉलोनी स्थित ग्रामीण हाट में सुबह 9 से शाम 6 बजे तक ‘तिरंगा प्रदर्शनी एवं मेला’ आयोजित होगा। इसमें तिरंगे के महत्व पर आधारित फोटो-वीडियो प्रदर्शनी, हस्तशिल्प, हाथ से तिरंगा निर्माण, राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय उत्पादों से जुड़ी गतिविधियां होंगी।

 

 

 

13 और 14 अगस्त: महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में ‘विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी’ आयोजित की जाएगी। जिला एवं पंचायत स्तर पर भी विभाजन विषयक प्रदर्शनियों और फिल्मों का प्रदर्शन होगा।

 

 

 

13 से 17 अगस्त: सरकारी कार्यालयों, स्मारकों, प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम पर सजाया जाएगा। प्रमुख स्थानों पर ‘तिरंगा कैनवास’ भी लगाए जाएंगे।

 

 

 

14 अगस्त: प्रत्येक ग्राम पंचायत में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

 

 

15 अगस्त: स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण के साथ नागरिकों को तिरंगा शपथ दिलाई जाएगी। जिले के प्रमुख स्मारकों, सरकारी भवनों और अन्य प्रमुख इमारतों को तिरंगा रोशनी से सजाया जाएगा।

 

 

जिला कलेक्टर ने कहा कि अभियान की सफलता जनभागीदारी पर निर्भर है। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और आमजन से उत्साहपूर्वक भागीदारी कर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाने की अपील की।