कामिका एकादशी पर श्याम दरबार में भक्ति का सैलाब, दिव्य श्रृंगार और 4 फीट के बर्फ शिवलिंग ने मोहा मन
बीकानेर. सावन मास की पावन कामिका एकादशी के अवसर पर रविवार को जयपुर रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। इस अवसर पर बाबा श्याम का दिल्ली से मंगाए गए ताजे और सुगंधित फूलों से दिव्य एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया। मुख्य पुजारी चेतन शर्मा एवं कृष्ण जोशी ने बाबा श्याम का मनोहारी श्रृंगार किया। रंग-बिरंगे फूलों से सजे बाबा श्याम के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
4 फीट के बर्फ शिवलिंग ने खींचा ध्यान
सावन मास को देखते हुए मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ का भी विशेष श्रृंगार किया गया। उमाशंकर सोनी एवं मनीष सोनी ने करीब 4 फीट ऊंचे बर्फ के शिवलिंग का निर्माण किया। विशाल बर्फ शिवलिंग आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग के दर्शन कर जल, पुष्प और पूजा सामग्री अर्पित की तथा सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की
मंदिर परिसर को फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया। बाबा श्याम के दरबार में पहुंचते ही श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण का अनुभव हुआ। पूरे परिसर में इत्र की मनमोहक खुशबू भी श्रद्धालुओं को आकर्षित करती रही। कई भक्त अपने साथ पुष्प और इत्र लेकर बाबा के दरबार में पहुंचे और श्रद्धा के साथ अर्पित किए।
भजनों पर झूमे श्रद्धालु
कामिका एकादशी के अवसर पर मंदिर में दिनभर भजन-कीर्तन का दौर चला। श्रद्धालु बाबा श्याम की भक्ति में लीन होकर भजनों पर झूमते नजर आए। “हारे के सहारे बाबा श्याम” और “तीन बाण के धारी, तू न संभाले तो हमें कौन संभाले” जैसे भजनों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। सामूहिक जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
दूर-दराज से पहुंचे भक्त
कामिका एकादशी पर बीकानेर सहित आसपास के क्षेत्रों और दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। सुबह से ही दर्शन के लिए भक्तों का आना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बाबा श्याम के दर्शन किए और परिवार की खुशहाली, सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।

