बीकानेर में ATM कैश वैन लूट का पर्दाफाश, कैश वैन कर्मचारी ने रची थी साजिश, दो आरोपी गिरफ्तार
बीकानेर. पांचू थाना पुलिस ने 5 अगस्त को सारूंडा रोड पर हुई 51 लाख रुपए की ATM कैश वैन लूट का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कैश वैन का कस्टोडियन विक्रम सिंह और उसका साथी श्यामसुंदर शामिल हैं। पुलिस दोनों से वारदात को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त को CMS Info System Limited के कर्मचारी कैश वैन से नकदी लेकर सारूंडा की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे सारूंडा से 5-7 किलोमीटर पहले बिना नंबर की कैंपर गाड़ी में सवार बदमाशों ने कैश वैन को रोक लिया। आरोपियों ने चालक के सिर पर बंदूक तान दी और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देकर कैश बॉक्स सहित 51 लाख रुपए लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
कस्टोडियन ने ही रची थी पूरी साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि कैश वैन का कस्टोडियन विक्रम सिंह ही इस पूरी वारदात की साजिश में शामिल था। उसकी जिम्मेदारी बैंक से नकदी लेकर नोखा क्षेत्र के ATM में कैश लोड करने की थी।
पुलिस के अनुसार विक्रम सिंह ने अपने साथी श्यामसुंदर और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर योजना बनाई। योजना के तहत विक्रम जानबूझकर नकदी से भरी कैश वैन को नोखा से सारूंडा की तरफ लेकर गया, जबकि नकदी नोखा के ATM में ही लोड की जानी थी।
योजना के मुताबिक रास्ते में उसके साथी कैश वैन को रोककर कर्मचारियों को हथियार दिखाकर डराने वाले थे। विक्रम को कैश वैन का लॉक खोलना था, जिसके बाद उसके साथी कैश बॉक्स लेकर फरार हो जाते। बाद में लूटी गई रकम को आपस में बांटने की योजना थी।
पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
पांचू थाना पुलिस ने मामले में श्यामसुंदर पुत्र उदाराम, उम्र 20 वर्ष, निवासी स्वरूपसर और विक्रम सिंह पुत्र शिवपाल सिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी चरकड़ा, हाल बाबा छोटूनाथ कॉलोनी नोखा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और लूटी गई रकम की बरामदगी को लेकर भी जांच जारी है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश, जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा के निर्देशन तथा नोखा वृताधिकारी जरनैल सिंह के सुपरविजन में पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद और उनकी टीम ने की।
कार्रवाई में पांचू थाना पुलिस के साथ नोखा थाना पुलिस, जसरासर थाना पुलिस और DST टीम भी शामिल रही।

