हाथों पर मेहंदी से उकेरी कला, 175 आवेदन में 138 ने लिया हिस्सा, प्रीति सोनी ने जीता पहला स्थान
बीकानेर. वन्देमातरम मातृशक्ति टीम की ओर से आयोजित तीज-तिरंगा मेहंदी प्रतियोगिता में महिलाओं और युवतियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के लिए 175 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 138 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। मेहंदी के आकर्षक डिजाइनों के बीच प्रीति सोनी ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। जयश्री शर्मा द्वितीय और चंद्रेश्वरी तृतीय स्थान पर रहीं।
आयोजन संयोजक गीता खड़गोदिया ने बताया कि प्रतियोगिता में मेहंदी के साथ बेस्ट हेयर स्टाइल, बेस्ट ड्रेस और बेस्ट मेकअप के खिताब भी दिए गए। वेदांशी शर्मा ने बेस्ट हेयर स्टाइल और बेस्ट मेकअप दोनों खिताब अपने नाम किए, जबकि कविता कंवर को बेस्ट ड्रेस का पुरस्कार मिला। प्रतियोगिता का निर्णय मंजू विजय बोथरा तथा मेहंदी एवं नेल आर्टिस्ट वर्षा ने किया।
हुनर दिला सकता है बड़ी पहचान
मुख्य अतिथि श्रीकांता कोचर ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में हाथ का हुनर भी महिलाओं को बड़ी ऊंचाइयों तक पहुंचाकर सफल पहचान दिला सकता है। इतनी बड़ी संख्या में युवतियों का प्रतियोगिता में हिस्सा लेना उत्साहजनक है।
विशिष्ट अतिथि प्रिंसिपल रमनदीप चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय प्रतिस्पर्धा का है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपने क्षेत्र और हुनर में महारत हासिल करनी चाहिए। उन्होंने प्रतिभागियों को आगे बढ़ने और अपने हुनर को निखारने के लिए प्रेरित किया।
वन्देमातरम मातृशक्ति टीम की अध्यक्ष कामिनी विमल भोजक मैया ने कहा कि संस्था का उद्देश्य ऐसी प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना है, जिनमें कोई विशेष हुनर है लेकिन उन्हें उसे प्रदर्शित करने का अवसर नहीं मिल पाता। इसी उद्देश्य से समय-समय पर अलग-अलग आयोजन किए जाते हैं। आगामी समय में विद्यार्थियों के लिए करियर और जीवन मार्गदर्शन से जुड़े शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
सभी 138 प्रतिभागियों को मिले प्रमाण पत्र
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और प्रतीक चिह्न प्रदान किए गए। विभिन्न श्रेणियों में खिताब जीतने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, प्रतीक चिह्न, उपहार और पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में वंदना सरवाल, माया भाटी, ममता सिंह, राधा खत्री, सुधा आचार्य, जसोदा खत्री, बसंती साध, सूरज राठौड़, शशि गुप्ता, सरस्वती भार्गव, स्वाति छाजेड़ और सरिता आंचलिया सहित टीम के सदस्यों ने सहयोग किया।

