धरणीधर मैदान से बाइक चोरी, श्रद्धालु की सूझबूझ से संदिग्ध पुलिस के हवाले
बीकानेर. शहर में बाइक चोरी की घटनाओं के बीच सोमवार को धरणीधर मैदान से एक बाइक चोरी होने का मामला सामने आया। धरणीधर मंदिर में दर्शन करने पहुंचे किशोर पुरोहित ने अपनी बाइक मैदान के पास खड़ी की थी। वह मंदिर में दर्शन के लिए गए, इसी दौरान चोर बाइक लेकर फरार हो गया।
बाइक चोरी होने की जानकारी मिलने पर गंगाशहर थाने में सूचना दी गई। घटना की जानकारी साथ मौजूद दर्शनार्थी रौनक को हुई तो उसने मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के इलाकों और बस्तियों में बाइक की तलाश शुरू कर दी।
रौनक ने अपनी सूझबूझ और तत्परता से दोपहर तक संदिग्ध चोर का पता लगा लिया। इसके बाद उसे गंगाशहर थाने ले जाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की कार्रवाई के बाद चोरी हुई बाइक भी सुरक्षित बरामद कर ली गई।
मैदान के आसपास सुरक्षा को लेकर चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि धरणीधर मैदान के आसपास नशा करने वाले लोगों का दिन-रात जमावड़ा रहता है। ऐसे में क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है। लोगों के अनुसार इलाके में चोरी की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं।
बाइक चोरी की घटना के बाद धरणीधर मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं और आसपास के लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि मंदिर और मैदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की जरूरत है।
इस मामले में रौनक की सजगता और सूझबूझ के चलते चोरी हुई बाइक बरामद हो गई और संदिग्ध को पुलिस के सुपुर्द किया जा सका। स्थानीय लोगों ने उसकी तत्परता की सराहना की।

