योग में एमजीएसयू का दबदबा: महिला और पुरुष दोनों टीमें बनीं चैंपियन, व्यक्तिगत स्पर्धा में भी बाजी मारी
Bikaner News Sports

योग में एमजीएसयू का दबदबा: महिला और पुरुष दोनों टीमें बनीं चैंपियन, व्यक्तिगत स्पर्धा में भी बाजी मारी

Oct 10, 2026

 

बीकानेर. महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू), बीकानेर की महिला एवं पुरुष योग टीमों ने 8वें अंतरमहाविद्यालयी योग टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। डूंगर कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता में दोनों वर्गों में विश्वविद्यालय की टीमों के विजेता बनने से योग विभाग में खुशी का माहौल है। व्यक्तिगत और रिदमिक स्पर्धाओं में भी विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

 

 

महिला वर्ग में जानवी स्वामी, जयश्री बिश्नोई, सिमरन शर्मा, अमिता गोदारा और दीपु कंवर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, पुरुष वर्ग में माधव किराडू, दीपक, रामदेव, कृष्णपाल सिंह और शुभम पुरोहित की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

 

 

व्यक्तिगत और रिदमिक स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन

प्रतियोगिता की व्यक्तिगत स्पर्धा में विजयश्री ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रिदमिक वर्ग में अदिति कल्ला ने पहला स्थान हासिल कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया।

 

 

विश्वविद्यालय प्रतिनिधि डॉ. हितेन्द्र मारू और खेल विशेषज्ञ पुरुषोत्तम रंगा के मार्गदर्शन एवं प्रयासों से खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

 

 

कुलपति ने दी खिलाड़ियों को बधाई

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

 

 

योग विभाग के प्रभारी डॉ. अनिल कुमार दुलार ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्पोर्ट्स डायरेक्टर यशवंत गहलोत ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

 

 

इस अवसर पर योग विभाग की संकाय सदस्य प्रियंका रघुवंशी और सपना कुमारी ने विजेता टीमों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों के माध्यम से अनुशासन, परिश्रम और टीम भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

;