राजस्थान के सरकारी कॉलेजों में एडमिशन प्रक्रिया शुरू, 22 मई तक भर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
Bikaner News

राजस्थान के सरकारी कॉलेजों में एडमिशन प्रक्रिया शुरू, 22 मई तक भर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

May 14, 2026

 

बीकानेर. राजस्थान के सरकारी कॉलेजों में एडमिशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. ऐसे में कॉलेज एजुकेशन, जयपुर ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया का संशोधित ऑनलाइन कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्रदेश के सभी राजकीय महाविद्यालयों में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी अब 22 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
जारी कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 मई से शुरू हो चुकी है। आवेदन पत्रों का सत्यापन महाविद्यालय स्तर पर 25 मई तक किया जाएगा। इसके बाद 26 मई को अंतिम वरीयता सूची और प्रतीक्षा सूची जारी की जाएगी।
वरीयता सूची में चयनित अभ्यर्थियों को 30 मई तक अपने दस्तावेजों का सत्यापन करवाते हुए ई-मित्र के माध्यम से प्रवेश शुल्क जमा करवाना होगा। इसके पश्चात 1 जून को प्रवेशित विद्यार्थियों की प्रथम सूची जारी की जाएगी, जबकि 3 जून को वर्ग निर्धारण और विषय आवंटन की प्रक्रिया पूरी होगी।
उच्च शिक्षा विभाग ने रिक्त सीटों के लिए अलग से श्रेणीवार प्रवेश कार्यक्रम भी घोषित किया है। रिक्त स्थानों के लिए ऑनलाइन आवेदन 3 जून से शुरू होंगे और 6 जून तक आवेदन किए जा सकेंगे। आवेदन पत्रों का सत्यापन भी 6 जून तक पूरा किया जाएगा।
विभाग के अनुसार रिक्त सीटों के लिए प्रतीक्षा सूची 8 जून को जारी होगी। दस्तावेज सत्यापन एवं शुल्क जमा कराने की प्रक्रिया 9 जून से 12 जून तक चलेगी। इसके बाद 15 जून को प्रवेशित विद्यार्थियों की सूची प्रकाशित की जाएगी तथा 16 जून को नवप्रवेशित विद्यार्थियों का वर्ग निर्धारण और विषय आवंटन किया जाएगा।
उच्च शिक्षा विभाग ने सभी राजकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्धारित समयसीमा में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि विद्यार्थियों का नया शैक्षणिक सत्र समय पर शुरू हो सके।