विकास के दावों के बीच बीकानेर की तस्वीर: CM के काफिले के लिए हाथ से हटाया गया सड़क का पानी

बीकानेर. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को बीकानेर आ रहे है. ऐसे में प्रशासन शहर की सड़कों को चमकाने में जुटा है। इसी बीच चुंगी चौकी क्षेत्र से सामने आई तस्वीरों ने व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार को हुई बारिश के बाद मुख्य मार्ग के किनारे जमा पानी को हटाने के लिए कर्मचारियों को गंदे पानी में उतरकर हाथ से पानी निकालते देखा गया।
चौंकाने वाली बात यह रही कि पानी निकालने के लिए कर्मचारी प्लास्टिक के मग और बाल्टियों का सहारा लेते नजर आए। करीब पांच से छह कर्मचारी इस काम में लगाए गए थे। इनमें दो कर्मचारी गंदे और बदबूदार पानी में बैठकर मग से पानी भर रहे थे, जबकि दूसरे कर्मचारी बाल्टियों में जमा पानी को सड़क के दूसरी तरफ स्थित नाले में डाल रहे थे।
मुख्यमंत्री का काफिला इसी मार्ग से गुजरने वाला है। ऐसे में काफिले के आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आनन-फानन में पानी हटाने की कवायद शुरू की गई। लेकिन जिस तरीके से पानी हटाया गया, उसने शहर की व्यवस्थाओं और आधुनिक संसाधनों के दावों पर सवाल खड़े कर दिए।
एक तरफ प्रशासन आधुनिक मशीनों और संसाधनों के जरिए जलभराव से निपटने की बात करता है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री के दौरे से ठीक पहले कर्मचारी गंदे पानी में बैठकर मग से पानी निकालने को मजबूर नजर आए। यह तस्वीर व्यवस्था की तैयारियों के साथ-साथ सफाई और जल निकासी की जमीनी हकीकत भी सामने रखती है।
सवाल यह है कि अगर मुख्यमंत्री के दौरे से पहले सड़क का पानी हटाने के लिए मशीन उपलब्ध नहीं है और कर्मचारियों को हाथ से पानी निकालना पड़ रहा है, तो आम दिनों में शहर के जलभराव की समस्या से कैसे निपटा जाता होगा?

