राजस्थान बॉडी बिल्डिंग संघ में बड़ा फेरबदल: अरुण व्यास को मिली कमान, नई एडहॉक कमेटी गठित
बीकानेर. राजस्थान बॉडी बिल्डिंग संघ में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। निष्क्रियता के आधार पर पूर्व एडहॉक कमेटी को बदलते हुए नई पांच सदस्यीय तदर्थ समिति का गठन किया गया है, जिसमें संयोजक की जिम्मेदारी बीकानेर के अरुण व्यास को सौंपी गई है।
यह निर्णय डॉ. समित शर्मा, रजिस्ट्रार सहकारी समितियां, राजस्थान द्वारा जारी आदेश के तहत लिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नई कमेटी को आगामी तीन माह के भीतर संघ के चुनाव संपन्न कराने होंगे।
जानकारी के अनुसार, संघ की पूर्व निर्वाचित कार्यकारिणी के खिलाफ जांच में अनियमितताओं और अयोग्यता की पुष्टि हुई थी। इसके बाद राजस्थान क्रीड़ा अधिनियम, 2005 की धारा 22(1)(क), (ख), (ग) के तहत कार्यवाही करते हुए कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया था। इसके पश्चात 10 सितंबर 2025 को पहली एडहॉक कमेटी गठित की गई थी, लेकिन निर्धारित समय में चुनाव नहीं कराए जाने और निष्क्रियता के चलते उसे भी बदल दिया गया
गौरतलब है कि यह दूसरी बार है जब एडहॉक कमेटी का पुनर्गठन किया गया है। पूर्व कमेटी का कार्यकाल समाप्त होने के बावजूद चुनाव प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई थी, जिसके चलते यह निर्णय लिया गया।
नई गठित कमेटी में निम्न सदस्य शामिल किए गए हैं—
अरुण व्यास – संयोजक
प्रस्सन तेजी – सदस्य
राकेश स्वामी – सदस्य
मुरली मनोहर किराडू – सदस्य
पवन पुनिया – सदस्य
आदेश के अनुसार, यह समिति अगले तीन माह में संघ के उपनियमों के तहत नई कार्यकारिणी के चुनाव कराएगी। इस फैसले को संघ में पारदर्शिता और सक्रियता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

