मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत, पुलिस ने जांच शुरू की

बीकानेर. लूणकरणसर में बुधवार शाम करीब 7:30 बजे बालाजी होटल के पीछे रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक की स्थिति देखकर उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही टाइगर फोर्स लूणकरणसर की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर लूणकरणसर की मोर्चरी में रखवाया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।

